लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने सड़कों को गड्ढा मुक्त किये जाने की समय सीमा 30 नवंबर को नियत की है और इस संबंध में अधिकारियों को कड़े दिशा निर्देश जारी किये गये हैं। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने शुक्रवार को सड़कों को गड्ढा मुक्त के संबंध में समीक्षा बैठक की और विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी 30 नवंबर तक उत्तर प्रदेश की सभी सड़के गड्ढा मुक्त हो जाएं। यूपी विधानमंडल का शीतकालीन सत्र 5 दिसंबर से शुरु होने जा रहा है उससे पहले सड़को की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य अवश्य पूरा कर लिया जाये।
उन्होंने कहा कि सड़क की बेहतर कनेक्टिविटी प्रगति का माध्यम होती हैं। गांव हो या शहर, अच्छी सड़कें आम जनमानस का अधिकार है। सड़के सिंगल लेन की हो अथवा दो, चार या छह लेन की, उसकी गुणवत्ता अच्छी होनी चाहिए। इसके साथ ही समय-समय पर इनके गुणवत्ता की जांच भी की जाए।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय मार्ग, एनएचएआई (वेस्ट यूपी), एनएचएआई (ईस्ट यूपी), मंडी, पंचायती राज, सिंचाई विभाग, ग्राम्य विकास, नगर विकास, गन्ना विभाग, आवास एवं शहरी नियोजन, अवस्थापना एवं औद्यौगिक विकास विभाग एवं कार्यदायी संस्थाओं के सभी श्रेणी के लगभग चार लाख किमी लंबाई के मार्ग हैं जिनकी गड्ढामुक्ति का अभियान मानसून के बाद हर साल चलाया जाता है।
सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की समय सीमा 30 नवंबर
