यादव के मंत्री समेत वरिष्ठ अधिकारियों को फौरन पहुंचने के निर्देश
भोपाल : मध्यप्रदेश के हरदा के आज सुबह एक पटाखा कारखाने में भीषण विस्फोट के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने घटना का तुरंत संज्ञान लेते हुए कैबिनेट मंत्री उदय प्रताप सिंह समेत राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों को फौरन घटनास्थल पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
घटना की जानकारी सामने आते ही डॉ यादव ने मंत्री श्री सिंह, एसीएस अजीत केसरी, डीजी होमगार्ड अरविंद कुमार को हेलीकॉप्टर से फौरन घटनास्थल जाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही भोपाल, इंदौर के मेडिकल कालेज और एम्स भोपाल में बर्न यूनिट को आवश्यक तैयारी करने को भी कहा गया है। घटना की भीषणता को देखते हुए इंदौर और भोपाल से फायर ब्रिगेड की दमकलों को भेजा जा रहा है। राहत कार्यों के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री ने घटना की जानकारी सामने आते ही आपातकालीन बैठक बुलाई और संबंधित निर्देश दिए। हरदा जिले में एक पटाखा कारखाने में आज सुबह एक के बाद एक तीन विस्फोट के चलते कई लोगोंं के हताहत होने की आशंका है।
पुलिस सूत्रों ने बेहद शुरुआती जानकारी के हवाले से बताया कि हरदा के बैरागढ़ क्षेत्र में सुबह लगभग साढ़े 11 बजे गांव में स्थित एक पटाखा कारखाने में एक के बाद एक लगातार तीन विस्फोट हुए। विस्फोट इतने भीषण थे कि आसपास के लगभग 20 किलोमीटर के गांवों में इसकी आवाज सुनाई दी। विस्फोट के बाद कारखाने के आसपास के घरों में आग लग गई। स्थानीय लोगों को भूकंप आने जैसा अहसास हुआ। इसी बीच आग का गुबार कई किलोमीटर तक की दूरी तक से देखा गया।
हादसे के बाद कुछ लोग सड़कों के किनारे पर भी घायल अवस्था में पाए गए, जिससे ये आशंका लगाई जा रही है कि कुछ लोग भीषण विस्फोट के चलते उछल कर दूर स्थानों पर जा गिरे। हादसे के बाद हरदा जिला मुख्यालय से प्रशासनिक और चिकित्सीय अमला फौरन घटनास्थल पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गया। सूत्रों के अनुसार हादसे में हताहत लोगों की जानकारी एकत्रित की जा रही है। बताया जा रहा है कि इस कारखाने में लगभग पांच साल पहले भी विस्फोट हो चुका है, जिसमें लगभग तीन लोगों की जान चली गई थी।
