हिसार : हरियाणा में फतेहाबाद में कल शाम एक परिवार को फिल्म देखना भारी पड़ गया और उनके घरेलू नौकर ने अपने साथियों के साथ मिलकर 17 लाख रुपये की चोरी को अंजाम दे दिया। पुलिस ने बताया कि बीघड़ रोड स्थित सूर्या इन्क्लेव में एक कोठी के निवासी नरेश का पूरा परिवार मॉडल टाउन में फिल्म देखने गया था। नरेश नेे इंटरवल के दौरान थियेटर हॉल में ही मोबाइल से घर के सीसीटीवी कैमरे को चेक किया तो उनके होश उड़ गए, क्योंकि उन्हें घर का गेट खुला, अंदर लाईट बंद दिखी।
यानी तब तक चोरी की वारदात को अंजाम दिया जा चुका था। आनन-फानन परिवार घर पहुंचा। उन्होंने पाया कि के गेट का लॉक टूटा था और अंदर सारा सामान बिखरा मिला। घर में काम करने वाला तेजेंद्र भी गायब था। अलमारी में रखे करीब 17 लाख रुपए गायब थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामले में नरेश की शिकायत पर नेपाल के जिला रोल्पा निवासी आरोपी नौकर तेजेंद्र ओली के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
घर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो पाया कि करीब सात बजे के आसपास आरोपी युवक तीन अन्य युवकों को कुछ बैग में सामान देकर भेज रहा है। कुछ समय बाद वह खुद भी फरार होता दिख रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शहर थाना प्रभारी यादविंदर ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।
