भोपाल : मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आज यहां भाजपा के प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में संपन्न हुयी। बैठक को मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी चन्दूलाल साहू एवं मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नारायण सिंह कुशवाह ने संबोधित किया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी श्री साहू ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार पिछडा वर्ग के हितों के लिए निरंतर काम कर रही है। पिछड़ों को उनका अधिकार देने का काम सिर्फ भाजपा ने किया है। उन्होंने कहा कि सरकार के किये गये कार्यों को और जनकल्याणकारी योजनाओं को हमें हर बूथ तक ले जाना है।
प्रदेश अध्यक्ष श्री कुशवाह ने बताया कि मोर्चा ने संपूर्ण मध्यप्रदेश में गठन पूर्ण कर लिया है। मंडल तक मोर्चा पूरी संक्रियकता के साथ काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि 10 से 25 अक्टूबर के बीच प्रदेश भर में मोर्चा की संभागीय बैठकें आयोजित होंगी। संभागीय बैठकों के उपरांत मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति आयोजित होंगी। बैठक में मोर्चा के आगामी कार्यक्रमों को लेकर प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष ने मोर्चा पदाधिकारियों से विचार-विमर्श किया।
बैठक के पहले प्रदेश प्रभारी श्री साहू, प्रदेश अध्यक्ष श्री कुशवाह ने पार्टी के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी एवं मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ प्रदेश कार्यालय में स्थित पं. दीनदयाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। बैठक के पश्चात् मोर्चा की जिला इकाई द्वारा बसंतकुंज स्थित श्री सहस्त्रबाहु मंदिर में नेत्र परीक्षण शिविर लगाया गया था, जिसमें पार्टी के पदाधिकारी शामिल हुए। शिविर में निःशुल्क दवाईयों एवं चश्मों का वितरण किया गया। डेढ़ सौं से अधिक लोगों का नेत्र परीक्षण किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश सोनी, सुशील वर्मा, प्रदेश महामंत्री संतोष राठौर, संजय राय, प्रदेश मंत्री राजाराम शिवहरे, दीपक नरवरिया, लखन सिंह दांगी, प्रदेश कोषाध्यक्ष सीए रामनिवास गुर्जर, सह कोषाध्यक्ष शत्रुघ्न पटेल, कार्यालय मंत्री अमित चौधरी, सह कार्यालय मंत्री दीपक रजक सहित पदाधिकारी उपस्थित थे।
पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक संपन्न
