गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जिसने दिया रोजगार,उसी को लगाया लाखों का चूना

कानपुर : उत्तर प्रदेश में कानपुर के ग्वालटोली क्षेत्र में डिजिटल मार्केटिंग कंपनी को लाखों का चूना लगाने वाले छह जालसाज कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इनमें से एक को हिरासत में ले लिया गया है जबकि अन्य पांच की तलाश जारी है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि सिविल लाइंस क्षेत्र में वेबिक्सी टेक्नलॉजी प्रा लिमिटेड देश विदेश में डिजिटल मार्केटिंग और वेब डिजाइनिंग का काम करती है। कंपनी में बतौर सेल्स मैनेजर कार्यरत जितेन्द्र कुमार ने अपने सहयोगी सहायक सेल्स मैनेजर शिवम अग्रवाल और सिद्धार्थ भगत के साथ मिल कर कंपनी के दो विदेशी ग्राहकों से दस लाख रुपये से अधिक की रकम अपने निजी खातों में मंगा ली। इसके बाद शिवम ने मां की बीमारी और सिद्धार्थ ने अन्य कारण की दुहाई देकर वेतन की एवज में डेढ़ लाख रुपये और ऐंठ लिये।
इसके साथ ही साथ तीनो जालसाजों ने अपनी एक निजी कंपनी बना ली और अन्य तीन कर्मचारी उत्कर्ष केसरवानी,ईशांत शुक्ला और प्रिंस बच्चन को ऊंचे वेतन का प्रलोभन देकर अपने साथ मिला लिया और उन्हे एक हफ्ते की गोवा ट्रिप का न सिर्फ आफर दिया बल्कि सैर भी करायी।
बाद में एक एक कर छह कर्मचारियों ने वेबिक्सी से किनारा कर लिया। कंपनी के निदेशक पुलकित द्विवेदी को इस धोखाधड़ी का पता तब चला जब उनके ग्राहकों ने पैसे एवज में दिये गये काम को पूरा न करने की शिकायत की। हतप्रभ पुलकित ने इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस चौकी इंचार्ज ने पहले तो उन्हे टरकाने की कोशिश की मगर मामला पुलिस के उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आने पर घटना के करीब तीन महीने बाद पुलिस ने पिछली 16 सितम्बर को छह नामजद आरोपियों के खिलाफ धारा 120 बी, 277,294,406,420 और 506 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने एक आरोपी प्रिंस बच्चन को हिरासत में ले लिया है जिसने धोखाधड़ी के आरोप को स्वीकार करते हुये पुलिस को सफाई दी है कि उसने पैसे के लालच और दवाब में आकर यह कृत्य किया है। पुलिस इसके आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
पीड़ित कंपनी निदेशक पुलकित ने बताया कि उन्होने 2021 में आर्थिक तंगी के शिकार कानपुर देहात क्षेत्र के जितेन्द्र की मदद उसे नौकरी देकर की थी। कुछ महीने पहले उसे दो लाख रुपये के बांड पर प्रमोशन देकर सेल्स मैनेजर बनाया था मगर भलाई के एवज में उसने उनकी पीठ पर वार किया और अन्य कर्मचारियों को साथ मिलाकर उन्हे लाखों की चपत लगा दी। इसके बाद भी उन्हे आये दिन यही कर्मचारी शराब पीकर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं जिसकी शिकायत भी उन्होने पुलिस से की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *