गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

एक जून को हिमाचल की जनता जवाब देगी

शिमला : ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी ने विधायकों की खरीद-फरोख्त की है जिसके खिलाफ हमने न्याय की लड़ाई शुरु की है तथा एक जून को राज्य की जनता इसका जवाब देगी।
श्री सुक्खू को मंगलवार को उनके जन्मदिन के अवसर पर कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता व आम लोग बड़ी संख्या में उन्हें बधाई देने ओकओवर पहुंचे। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, मंत्रियों, विधायकों, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने श्री सुक्खू को जन्मदिवस की शुभकामनाएँ दी और उनकी दीर्घायु की कामना की।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत में श्री सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस के छह बाग़ियों को भाजपा का टिकट मिलने से साबित हो जाता है कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने हॉर्स ट्रेडिंग की थी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवी देवताओं की भूमि है और राज्य के इतिहास में पहली बार हॉर्स ट्रेडिंग हुई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोग इस तरह की खरीद-फरोख्त की परंपरा को स्वीकार नहीं करते हैं। बागी नेताओं ने कांग्रेस पार्टी से चुनाव लड़ा और जनता ने उन्हें विजयी बनाया, लेकिन यह नेता बिक गए और उसी जनता का साथ इन लोगों ने धोखा किया है।
उन्होंने कहा कि ये न्याय की लड़ाई है और एक जून को हिमाचल प्रदेश की जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि संघर्ष उनके जीवन का हिस्सा रहा है और राजनीतिक चुनौतियों का उन्होंने हमेशा डटकर मुक़ाबला कर सफलता पाई है। लेकिन दुख इस बात है कि भाजपा ने धनबल से सत्ता को हथियाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि अप्रैल माह से वह स्वयं कांग्रेस पार्टी के प्रचार के लिए पूरे प्रदेश का दौरा करेंगे और तथ्यों को लोगों के बीच लेकर जाएँगे।
एक प्रश्न के उत्तर में श्री सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2027 तक हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर राज्य बनाने तथा वर्ष 2032 तक देश का सबसे समृद्धशाली राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है और वर्तमान राज्य सरकार इस दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं का सम्मान करती है, इसीलिए महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए प्रदान करने के लिए इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि शुरू की गई है।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के दरवाज़े बंद करने से प्रदेश के राजस्व में 2200 करोड़ रुपए बढ़ोतरी वित्त वर्ष में हुई जिससे जन कल्याण के लिए योजनाएँ बनाई जा रही हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने श्री सुक्खू के जन्मदिन पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने श्री सुक्खू के स्वस्थ व सुखमय जीवन की कामना करते हुए उनकी दीर्घायु की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *