जयपुर : अशोक गहलोत ने करणपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस की जीत को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अहंकार पर जनता का करारा तमाचा करार देते हुए कहा है कि इस जीत ने कई संदेश दिए हैं और कांग्रेस को आगामी लोकसभा चुनाव में इसका फायदा होगा। गहलोत ने करणपुर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत पर अपनी प्रतिक्रिया में सोमवार को यह बात कही। उन्होंने कहा कि करणपुर की जनता ने यह करारा तमाचा लगाया है और इस जीत ने कई संदेश दिए है, भाजपा के लिए भी और जनता समझ गई है कि सरकार बनने के बाद भी हमारी ताकत कम नहीं हुई है और इसका फायदा हमें लोकसभा चुनाव में मिलेगा।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा में अहंकार एवं घंमड हैं और उसने नैतिकता को तो तिलांजलि दे रखी है, चुनाव चल रहा है और अपने प्रत्याशी को मंत्री पद की शपथ दिलवा रहे है। उन्होंने कहा कि इससे आदर्श चुनाव आचार संहिता के हुए उल्लंघन की शिकायत चुनाव आयोग से की गई लेकिन कोई असर नहीं हुआ। ऐसे में करणपुर की जनता ने इसका जवाब दिया और करारा तमाचा लगाया। गहलोत ने कहा कि जब श्री टीटी को मंत्री बनाया उस समय ही उन्होंने कह दिया था कि अब कांग्रेस की शानदार जीत होगी क्योंकि चुनाव चल रहा है और उम्मीदवार को मंत्री बना रहे हो , मंत्री हो तो भी डाक बंगले में नहीं रुक सकते और नहीं गाड़ी-घोड़े का प्रयोग कर सकते हो।
करणपुर की जनता ने लगाया है करारा तमाचा
