गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सरकार बनने पर हिमाचल के लोगों से किये वादे होंगे पूरे : राहुल-प्रियंका

नयी दिल्ली, : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि छत्तीसगढ़ और राजस्थान में उनकी सरकार ने जनता से किये वादे पूरे किये हैं और अब यदि हिमाचल प्रदेश में सरकार बनती है तो वहां भी सारे वादे पूरे किये जाएंगे। श्री गांधी ने फेसबुक पोस्ट में कहा, “हिमाचल प्रदेश के लोगों की समस्याओं का समाधान अब कांग्रेस पार्टी की ‘गारंटी’ है।

कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की भलाई और उनके विकास के मुद्दों पर बात करती है और इस गारंटी कार्ड में भी हमने हिमाचल की जनता के मुद्दों को गांव-गांव जा कर टटोला, स्थानीय लोगों से बात कर उनकी समस्याएं सुनी और फ़िर उनका हल निकालते हुए ये ‘गारंटी कार्ड’ तैयार किया है।” उन्होंने हिमाचल के लोगों से वादे करते हुए कहा “कांग्रेस पार्टी की तरफ से इसमें मुख्य रूप से 10 बातों की गारंटी दी जा रही है। पुरानी पेंशन स्कीम, महिलाओं के लिए 1500 रुपए, 300 यूनिट बिजली मुफ्त, पांच लाख रोज़गार, फसलों और फलों के सही दाम, 680 करोड़ रुपए का स्टार्ट-अप फंड, मोबाइल क्लीनिक, अंग्रेजी मीडियम स्कूल, कांग्रेस की सरकार हर रोज़ गाय-भैंस पालकों से 10 लीटर दूध खरीदेगी और दो रुपए किलो में गोबर। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हमने जनता से जो वादे किए थे उन्हें पूरा किया। आने वाले समय में जिस-जिस राज्य में हमारी सरकार बनेगी हम अपने वादे पूरे करेंगे। इस गारंटी कार्ड को ध्यान से पढ़ें, अपने भविष्य के बारे में सोचें और सोच-समझ कर फैसला करें। हिमाचल की जनता और कांग्रेस पार्टी मिलकर हिमाचल प्रदेश को फ़िर से आगे बढ़ाएंगे।” श्रीमती वाड्रा ने कहा “कांग्रेस पार्टी देवभूमि हिमाचल की जनता के असल मुद्दों से जुड़ी 10 गारंटी प्रदेश के लोगों को समर्पित कर रही है। प्रदेश के लोग चाहते हैं कि इन मुद्दों पर काम करने की ठोस बात हो। कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दों पर काम व प्रदेश के विकास का संकल्प लेती है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *