जयपुर : राजस्थान में खेलों का महाकुंभ राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल का दूसरा चरण सोमवार से ब्लॉक स्तर पर शुरु होगा।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस चरण की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और इसमें छह खेलों के लिए राज्य में पांच लाख से अधिक खिलाड़ियों की चार हजार 655 टीमें भाग ले रही है। इस चरण के तहत 15 सितंबर तक खिलाड़ी अपना दमखम दिखायेंगे। यह खेल सरकारी स्कूलों के खेल मैदानों पर कराये जायेंगे। जिन छह खेलों में खिलाड़ी भाग लेंगे उनमें हॉकी, कबड्डी, खो-खो, वालीबाल, टेनिस बॉल क्रिकेट, शूटिंग बॉल खेल शामिल हैं।
इन खेलों का तीसरा चरण जिला स्तर पर 22 से 25 सितंबर तक होगा जबकि चौथा एवं अंतिम चरण आगामी दो से पांच अक्टूबर तक राज्य स्तर पर आयोजित किया जायेगा। ग्रामीण ओलंपिक खेल का पहला चरण ग्राम पंचायत स्तर पर गत 29 अगस्त से एक सितंबर तक आयोजित किया गया था।
ग्रामीण ओलंपिक खेल का दूसरा चरण ब्लॉक स्तर पर सोमवार से होगा शुरु
