गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

थाना प्रभारी को उपनिरीक्षक ने मारी गोली

रीवा : मध्यप्रदेश के रीवा जिला मुख्यालय स्थित सिविल लाइन थाना प्रभारी को आज एक उपनिरीक्षक ने गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सिविल लाइन थाना प्रभारी हितेंद्र नाथ शर्मा को पुलिस लाइन में पदस्थ उपनिरीक्षक बीआर सिंह ने गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के समय थाना प्रभारी श्री शर्मा अपने चेंबर में काम कर रहे थे, तभी आरोपी वहां पहुंचा और दोनों के बीच किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद उसने थाना प्रभारी को गोली मार दी।
गोली श्री शर्मा के सीने में लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एम्बुलेंस से तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी उपनिरीक्षक बीआर सिंह थाना प्रभारी श्री शर्मा के अधीनस्थ सिविल लाइन थाने में पदस्थ था।

कुछ समय पहले ही उपनिरीक्षक को पुलिस लाइन में पदस्थ किया गया था, जिसके चलते उपनिरीक्षक थाना प्रभारी से नाराज चल रहा था। संभवत: इसी के चलते आरोपी उपनिरीक्षक ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी ने अपने आपको थाना प्रभारी के चेंबर में ही कैद कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *