कोलकाता : पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर कहा है कि पूर्वी मिदनापुर के एगरा में हुए विस्फोट की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से कराने से सच सामने आयेगा। मजूमदार ने बुधवार को सवाल किया, “ पश्चिम बंगाल सरकार ‘द केरल स्टोरी’ पर प्रतिबंध को लेकर उच्चतम न्यायालय द्वारा जारी नोटिस के जवाब में खुफिया सूचनाओं का हवाला देती है। उन्होंने कहा कि क्या यह माना जा सकता है कि विफल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अयोग्य पुलिस के पास राज्य में बम बनाने वाली फैक्ट्रियों के बारे में कोई सूचना नहीं है। ”
उन्होंने कहा कि एगरा के खड़ीकुल गांव में हुए विस्फोट ने कई सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने सवाल किया,“मुख्य आरोपी और तथाकथित पटाखा फैक्ट्री के मालिक भानु बाग को पिछले वर्ष अक्टूबर में गिरफ्तार किया गया था और बाद में रिहा कर दिया गया था। क्या पुलिस ने उसके फलते-फूलते साम्राज्य को लेकर आंखें बंद कर लीं थी, अगर ऐसा है, तो क्यों।”
बेलुरघाट लोकसभा सीट भाजपा सांसद ने कहा,“ कल एक संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस क्षेत्र में ऐसी अवैध इकाइयों में स्थानीय लोगों कार्यरत होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि यह दावा इस तथ्य की पुष्टि करता है कि सत्तारूढ़ व्यवस्था इस उद्योग के फलने-फूलने में शामिल है। ” कल गृह मंत्री को लिखे पत्र में मजूमदार कहा,“ मैं हाल ही में पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर के एगरा ब्लॉक में हुए भीषण बम विस्फोट की घटना की ओर आपका ध्यान आकर्षित करने के लिए पत्र लिख रहा हूं। मैं इस विनाशकारी घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से इसकी जांच का अनुरोध करता हूं। ”
एगरा विस्फोट का सच आयेगा सामने
