गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

महासंघ में गुटबाजी और मतभेद नहीं है

नई दिल्ली : हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की और महासचिव भोलानाथ सिंह ने बुधवार को महासंघ में गुटबाजी और मतभेद के आरोप खारिज करते हुए कहा कि हम हॉकी की बेहतरी के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।
अध्यक्ष दिलीप टिर्की और महासचिव भोलानाथ सिंह ने आज यहां जारी एक संयुक्त बयान में कहा कि हॉकी इंडिया भारतीय हॉकी के विकास के लिए गठित स्वायत्त और पेशेवर ईकाई है। हमारा लक्ष्य हॉकी तथा अपने खिलाड़ियों की बेहतरी और प्रगति है। हमारी राष्ट्रीय टीमों को वैश्विक स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए हर तरह का सहयोग दिया जाता है।
महासंघ ने हर खिलाड़ी और टीम के साथ समानता का रुख रखा है। सभी को समान सुविधायें और लाभ दिए गए, जिसमें नकद पुरस्कार और सम्मान शामिल है। हम जमीनी स्तर से लेकर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर भी समानता में विश्वास रखते हैं।
हम महिला टीम को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में मदद के लिए हरसंभव प्रयास नए सिरे से करेंगे। इसके साथ ही पेरिस ओलंपिक में एक बार फिर पदक जीतने के लिए पुरुष टीम को हरसंभव सुविधायें मुहैया कराएंगे। हमें टीमों और अपने खिलाड़ियों के लिए हॉकी प्रेमियों के सतत सहयोग की जरूरत है। फिलहाल पूरा ध्यान ओलिंपिक खेल पर रहना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले हॉकी इंडिया की सीईओ एलेना नॉर्मन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। वे 13 साल तक भारतीय हॉकी से जुड़ी रहीं। नॉर्मन ने महासंघ में गुटबाजी का खुलासा करते हुए कहा कि यहां काम करना मुश्किल था और मेरे पास इसे छोड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *