भदोही : उत्तर प्रदेश के भदोही सहित पूर्वांचल के जनपदों में ठंड में कमी के आसार अभी कम ही दिखाई दे रहे हैं। वातावरण में व्याप्त नमीं व पछुआ हवाओं के कारण अगले तीन-चार दिनों तक तापमान में गिरावट के आसार बने रहेंगे। मौसम वैज्ञानिक डा.सर्वेश बरनवाल ने बताया कि निरंतर चल रही पछुआ हवाओं के कारण तीन-चार दिनों तक तापमान गत दिनों की तरह ही बना रहेगा, जिससे गलन व ठंड की संभावना यथावत बनी रहेगी। मकर संक्रांति बाद 16 या 17 जनवरी से हवाओं के रूख में पुनः बदलाव देखे जाने के आसार हैं, जिससे पछुआ हवाएं पूर्वा में बदल सकती हैं।
हवाओं के रूख में बदलाव के कारण इन दिनों कोहरे की स्थितियां भी बनी रह सकती हैं तथा कोहरे के धीरे-धीरे वाष्पीकृत होने के उपरांत धूप निकलने के आसार प्रतिदिन रहेंगे। आगामी दिनों में रात का तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तथा दिन का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज होने की संभावना प्रबल है। जिससे मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि अभी बारिश के कोई आसार नहीं है।
उन्होंने बताया कि सुबह और रात में तापमान में कमी के कारण गलन बनी रहेगी। बताया कि बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए कमरे के तापमान को गर्म बनाने के लिए अलाव या विद्युत हीटर का प्रयोग कर सकते हैं। इसी तरह पोल्ट्री और डेयरी इकाई में कमरे के तापमान को इष्टतम बनाए रखने के विद्युत बल्ब का प्रयोग बेहद जरूरी है। मवेशियों को सूखे व हरे चारे के अलावा नमक और खनिज दें। मुर्गी पक्षियों को संतुलित आहार दें। पोल्ट्री पक्षियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए स्वच्छ पोल्ट्री शेड बनाएं। साथ ही पक्षियों के स्वास्थ्य की निगरानी करें और यदि कोई समस्या बनी रहती है तो पशु चिकित्सक की मदद लें।
