गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

किशोरी का शव मिलने से मचा हडकंप

झांसी : उत्तर प्रदेश में झांसी जनपद के बबीना थानाक्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक किशोरी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी। पुलिस ने बताया कि बबीना थानाक्षेत्र अंतर्गत गोचीखेड़ी आदिवासी बस्ती से कुछ दूरी पर रंजना आदिवासी उर्फ छुटकी (17) का शव मिला है। आदिवासियों ने इस बाबत पुलिस को जानकारी दी।
जानकारी मिलते ही थाना पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।फोरेंसिक की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जरूरी साक्ष्य जुटाना शुरू किये। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने बताया कि छुटकी गुरूवार शाम घर से निकली थी और काफी देर तक वापस न आने पर उसकी तलाश शुरू की गयी। देर रात तक भी छुटकी का कोई पता नहीं चला लेकिन आज सुबह बस्ती के पीछे सूनसान जगह से छुटकी का शव बरामद किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राजेश एस ने बताया कि घटनास्थल की छानबीन की जा रही है। फोरेंसिक यूनिट भी मौके पर साक्ष्य संकलित कर रही है। प्रथम दृष्टया लग रहा है कि पास ही में पड़े पत्थर से मारकर किशोरी की हत्या की गयी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है साथ ही घटना खुलासे के लिए दो टीमों का गठन भी किया गया। उन्होंने बलात्कार की आंशका के संबंध में कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह साफ हो पायेगा। मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द ही खुलासा किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *