गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कांग्रेस की सरकार में कोई न कोई घोटाला जरूर हुआ

झुंझुनू : राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार जब भी रही है, कोई न कोई घोटाला जरूर हुआ है। श्री सिंह ने रविवार को झुंझुनूं जिले के पिलानी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोकसभा प्रत्याशी शुभकरण चौधरी के समर्थन में उत्सव मैदान में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के कारण ही कांग्रेस के मंत्रियों को भी जेल की हवा खानी पड़ी थी। जबकि भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं है।
श्री सिंह ने कहा कि राजस्थान की धरती शौर्य और पराक्रम की धरती है। उन्होंने कहा,“मैं कहूं तो राणा की शक्ति, मीरा की भक्ति, भामाशाह की संपत्ति ही राजस्थान की धरती है।” उन्होंने कहा कि राजस्थान सहित पूरे देश में एक चुनाव होना चाहिए। अलग-अलग चुनाव से समय और पैसे की बर्बादी होती है। हमारी सरकार वन नेशन वन इलेक्शन का समर्थन करता है।
श्री सिंह ने कहा कि पिछले कुछ सालों में दुनिया भर में हमारी प्रतिष्ठा बढ़ी है। पहले हमारे देश के नेता अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बोलते थे तो उनकी कोई सुनता नहीं था। आज हमारे देश के नेता विदेश में कहीं बोलते हैं तो दूसरे देश ध्यान लगा कर सुनते हैं।
उन्होंने कहा कि पहले कहीं ना कहीं आतंकी घटना होती रहती थी। जम्मू-कश्मीर में हमेशा आतंकी घटना होती रहती थी। लेकिन अब है किसी के मां के लाल में वो दम? किसी लाल ने पिया है अपनी मां का दूध जो आंख उठा कर देख सके। जब जरूरत पड़ी तो सीमा के इस पार भी मारेंगे। सीमा के उस पार भी मारेंगे। पर हम अपने पड़ोसियों को बेवजह परेशान नहीं करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में हम आत्मनिर्भर बन रहे हैं। 2014 से पहले प्रतिवर्ष 600 करोड़ रुपए से अधिक की आयुध सामग्री बाहर से मंगवाते थे। वर्तमान में हम 21 हजार करोड़ रुपए की स्वदेश निर्मित रक्षा सामग्री दूसरे देशों को विक्रय की जा रही है।
श्री सिंह ने कहा कि पहले कांग्रेस नेता हमारा मजाक बनाते थे कि 1980 से आप लोग राम मंदिर को लेकर नारा लगाते हो कि मंदिर वहीं बनाएंगे। हर चुनाव में घोषणा पत्र में लिख देते थे कि राम मंदिर बनाएंगे लेकिन करते नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमारे नारे के साथ एक लाइन जोड़ दी थी कि मंदिर वहीं बनाएंगे लेकिन तारीख नहीं बताएंगे। अब आप ने देख ही लिया है राम मंदिर बन गया है। रामलला अब अपनी कुटिया से निकल कर भव्य मन्दिर में विराजमान हैं।
सभा को भाजपा प्रत्याशी शुभकरण चौधरी, पूर्व सांसद संतोष अहलावत, विधायक धर्मपाल गुर्जर ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *