गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

दिल्ली में कोई आबकारी घोटाला नहीं हुआ

चंडीगढ़ : पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) ने सुनील जाखड़ पर पलटवार किया है और शवों पर राजनीति करने के लिये उनकी निंदा की है। पार्टी ने कहा कि दिल्ली में कोई आबकारी घोटाला नहीं हुआ है और पंजाब की आबकारी नीति में भी कोई भ्रष्टाचार नहीं है। शनिवार को पार्टी कार्यालय से एक बयान जारी कर आप ने कहा कि भाजपा नेता पंजाब की आबकारी नीति के बारे में बेबुनियाद झूठ बोलकर पंजाब की जनता को गुमराह कर रहे हैं।

भाजपा पंजाब में लोकसभा सीट जीतने का दिवा स्वप्न देख रही है। केंद्र की भाजपा सरकार और हरियाणा की भाजपा सरकार ने हमारे किसानों पर जो अत्याचार किये, उन्हें पंजाब के लोग भूले नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा के पंजाब नेतृत्व, जिसमें उनके प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ भी शामिल हैं, ने कभी भी हमारे किसानों या हमारे युवाओं के लिये आवाज नहीं उठायी। उन्होंने कभी भी राज्य या लोगों के अधिकारों के लिये केंद्र के सामने पंजाब के लिये स्टैंड नहीं लिया।
पार्टी ने कहा कि सुनील जाखड़ जिस आबकारी नीति की बात कर रहे हैं, उससे राजस्व 6100 करोड़ से बढ़कर 10,000 करोड़ हो गया। अगर कोई भ्रष्टाचार था तो हमने राजस्व कैसे बढ़ाया? क्या सुनील जाखड़ बता सकते हैं कि 2016-17 में अकाली-भाजपा सरकार की नीति माइनस में राजस्व क्यों एकत्र कर रही थी। उनकी नीति से पंजाब के खजाने को 300 करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ था। एक साधारण व्यक्ति भी बता सकता है कि कौन सी नीति और कौन सी पार्टी भ्रष्ट है।
पार्टी ने निचले स्तर की राजनीति करने के लिये श्री जाखड़ की निंदा भी की और कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वह जहरीली शराब से लोगों की मौत का राजनीतिकरण कर रहे हैं। जबकि पुलिस उस मामले में आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है और सरकार इस मामले में सख्त कार्रवाई भी सुनिश्चित कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *