सोनभद्र : उत्तर प्रदेश में सोनभद्र के राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और जिला प्रोबेशन की टीम ने राजस्थान और हरियाणा में शादी कराने का प्रलोभन एवं मोटी रकम देकर लड़कियों तथा शादीशुदा महिलाओं की तस्करी में लिप्त कुल तेरह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार लोगों में तीन राजस्थान राज्य के निवासी हैं जो शादी के नाम पर तीन लाख रुपये में एक लड़की का सौदा करने आये थे।
पुलिस अधिक्षक डाॅ यशवीर सिंह ने मंगलवार को बताया की लड़कियों एवं शादीशुदा महिलाओं की तस्करी करने के मामले में चार महिलाओं समेत कुल तेरह लोगों को सोमवार शाम चण्डी तिराहे से गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन लोग मौके से भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकले हैं। उन्होंने बताया की एक गैंग सुनियोजित तरीके से राजस्थान और अन्य प्रदेशों में शादी कराने के नाम पर मोटी रकम देकर सोनभद्र की लड़कियों को अन्य प्रदेशों में ले जाकर बेच देते हैं और मोटा मुनाफा कमाते है। यह लोग शादीशुदा महिलाओं के पति एवं परिजनों को मोटी रकम देकर राजस्थान ले जाकर बेच देते हैं, जिसमें कुछ महिलाएं कुछ समय बीत जाने पर भागकर वापस सोनभद्र लौट आयी है।
इस मामले में जिला प्रोबेशन एवं राबर्ट्सगंज पुलिस को सूचना मिली की राजस्थान से कुछ लोग आये हैं और यहां के विजय प्रशांत मुन्नी देवी और मीरादेवी से तीन लाख में एक लड़की का सौदा कर रहे हैं। इस मामले में लड़की की मां रुपये के लेनदेन करने के लिए और राजस्थान से आये कुछ लोग और गैंग के अन्य साथी चण्डी तिराहे के पास मौजूद हैं। सूचना पर राबर्ट्सगंज कोतवाली, एसओजी एवं जिला प्रोबेशन की टीम ने मौके पर मौजूद तेरह लोगों को गिरफ्तार कर लिया जबकि भीड़ का फायदा उठाकर वहां से तीन फरार हो गए।
पुलिस पूछताछ में पता चला की जिस लड़की का सौदा किया जा रहा था उसकी मां के खाते में एक लाख बीस हजार भेजा गया था और अस्सी हजार नगद दिया गया था। शेष रकम काम होने के बाद देना था। इस मामले में राजस्थान राज्य के बाड़मेर जिला के सांवला राम पुत्र तेजा राम निवासी नौसर, थाना बैतू, तगाराम पुत्र रामचन्द्र राम निवासी जौसर, थाना बिजलीपार व भवरा राम पुत्र रामचन्द्र राम निवासी जौसार, थाना बिजलीपार और मंसूख पुत्र जगदीश, विजय कुमार, राजेन्द्र यादव उर्फ राजू अर्जुन कुमार बिहारी भारती, प्रशान्त मिश्र, मीरा देवी, शिवकुमारी, मुन्नी देवी और कलावती को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कार, 80000 नगद और 06 मोबाइल फोन बरामद किया गया है। राबर्ट्सगंज कोतवाली में इनके विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई की जा रही हैं।
महिलाओं की तस्करी मामले में तेरह लोग गिरफ्तार
