गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

संविधान और लोकतंत्र बचाने का यह आखिरी मौका

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी के आह्वान पर 31 मार्च को ‘इंडिया’ गठबंधन तानाशाही के खिलाफ और देश का लोकतंत्र-संविधान बचाने के लिए जनता के साथ मिलकर अपनी आवाज बुलंद करेगा। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने आज रामलीला मैदान जाकर तैयारियों का जायजा लेने के बाद बताया कि रविवार होने वाली रैली में कांग्रेस से मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, एनसीपी से शरद पवार, शिवसेना से उद्धव ठाकरे, सपा से अखिलेश यादव, आरजेडी से तेजस्वी यादव और वाम दलों के नेताओं समेत कई अन्य नेता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि देश का संविधान और लोकतंत्र बचाने का यह आखिरी मौका है। अगर आज देश की जनता ने आवाज नहीं उठाई तो कल कोई भी अपनी आवाज नहीं उठा पाएगा।
गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली के चुने हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जिस तरह से देश के प्रधानमंत्री ने तानाशाही पूर्ण रवैया अपनाते हुए गिरफ्तार करवाया है उसके खिलाफ पूरी दिल्ली के लोगों में आक्रोश है। पूरे देश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है। एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा है, उसके खिलाफ रविवार को रामलीला मैदान में पूरा इंडिया गठबंधन “तानाशाही हटाओ, लोकतंत्र बचाओ” महारैली में पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि आज संविधान और लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा है। अलग-अलग तरह से लोगों की आवाज को बंद किया जा रहा है। ऐसे में तानाशाही सरकार को हटाकर लोकतंत्र को बचाना जरूरी हो गया है। दिल्ली के लोगों ने देखा कि किस तरह से सुप्रीम कोर्ट के संविधान पीठ के द्वारा दिल्ली के लोगों को दिए गए अधिकार को केंद्र सरकार ने छीन लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *