राज्यस्तरीय सामाजिक न्याय मार्च 30 अप्रैल को
रांची : झारखंड सरकार की जनविरोधी नीतियों तथा सात सूत्री मांगों को लेकर कल आजसू पार्टी के हजारों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे। आजसू प्रमुख सुदेश कुमार महतो सहित तमाम नेता, कार्यकर्ता बापू वाटिका, मोरहाबादी से 30 अप्रैल को पैदल मार्च कर हरमू मैदान पहुचेंगे तथा सरकार की नाकामियों तथा जनविरोधी नीतियों के खिलाफ हल्ला बोलेंगे। सामाजिक न्याय मार्च की जानकारी देते हुए आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने आज कहा कि राज्य की वर्तमान सरकार ने ना सिर्फ बड़ी आबादी के साथ धोखा किया है, बल्कि जनादेश का भी अपमान किया है।
युवा, महिला, किसान, गरीब, श्रमिक सभी हताश-निराश हैं। सवा तीन सालों के बाद भी सरकार ने सामाजिक न्याय की दिशा में कोई पहल नहीं किया, ना ही जातीय जनगणना और स्थानीय एवं नियोजन नीति को लेकर ईमानदार कोशिश की। सभी पहुलओं का आंकलन करते हुए तथा जनमानस में व्याप्त बेचैनी एवं निराशा को देखते हुए आजसू पार्टी कल सड़कों पर उतरेगी। खुद केंद्रीय अध्यक्ष ने पार्टी के सभी स्तर के पदाधिकारियों, अनुषंगी इकाई के पदाधिकारियों के साथ व्यापक रणनीति बनाई है।
डॉ. भगत ने कहा कि आजसू पार्टी अप्रैल को सामाजिक न्याय महीना के रुप में मना रही है। इस दौरान राज्य भर में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कल राज्यस्तरीय सामाजिक न्याय मार्च के साथ इसका समापन होगा। उन्होंने कहा कि बापू वाटिका, मोरहाबादी से पैदल मार्च कर राज्य के कोने-कोने से पहुंचे नेता, कार्यकर्ता हरमू मैदान पहुंचेंगे, जहां आयोजित सामाजिक न्याय सभा को झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो संबोधित करेंगे।
