गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

चार अगस्त को हजारों बच्चे इकट्ठे होकर बनाएंगे दुनिया का सबसे बड़ा तिरंगा : केजरीवाल

नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि चार अगस्त को राजधानी के हजारों बच्चे इकट्ठे होकर दुनिया का सबसे बड़ा तिरंगा बनाएंगे और हम 130 करोड़ भारतवासी भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाने के लिए संकल्प लेंगे।
केजरीवाल ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पूरा देश आजादी का 75वां अमृत महोत्सव बना रहा है। हर भारतवासी देशभक्ति में डूबा है। चार अगस्त को दिल्ली में हजारों- हजार बच्चे इकट्ठे होंगे और दुनिया का सबसे बड़ा तिरंगा बनाएंगे और उस दिन संकल्प लेंगे कि अब भारत रुकेगा नहीं, अब भारत थमेगा नहीं, अब हम 130 करोड़ भारतवासी मिलकर भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि देश को आजाद हुए 75 साल हो गए। इन 75 साल में कई देश हम से आगे निकल गए। हम पीछे क्यों रह गए? हम किसी से कम तो नहीं है। भगवान ने हमको सब कुछ दिया है। नदियां, पहाड़, खनिज पदार्थ, जड़ी बूटियां, फसलें, समुद्र सब कुछ भगवान ने दिया है। भारत के लोग दुनिया में सबसे बुद्धिमान हैं और सबसे मेहनती हैं। फिर भी हम पीछे क्यों रह गए हैं? यदि इन नेताओं और इन पार्टियों के भरोसे देश को छोड़ दिया तो अगले और 75 साल देश पीछे रह जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब देश के 130 करोड़ लोगों को जिम्मेदारी लेनी पड़ेगी। आइए, आजादी के 75वें अमृत महोत्सव में हम प्राण लें कि हम भारत के 130 करोड़ लोग एक साथ मिलकर, एकजुट होकर भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ और सबसे शक्तिशाली राष्ट्र बनाएंगे। देश के सभी लोगों को साथ आना होगा। व्यापारी, किसान, उद्योगपति, मजदूर, नौकरी पेशा, डॉक्टर, इंजीनियर, वकील सबको साथ आना होगा। आज से 75 साल पहले जब सारा देश एकजुट हुआ था, तो हमने अंग्रेजों को भगा दिया था अब हम सब एक बार फिर इकट्ठे होकर भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *