गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

रिश्वत लेने के आरोप मे पटवारी सहित तीन गिरफ्तार

चंडीगढ़ : पंजाब के सतर्कता विभाग ने सोमवार को रिश्वत लेने के दो मामलों में एक पटवारी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया। विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि विजीलेंस के कर्मचारियों के नाम पर दो लाख पचास हजार रुपये रिश्वत लेने वाले दो आम व्यक्तियों को गिरफ़्तार किया है। गिरफ़्तार किये व्यक्तियों की पहचान परमजीत सिंह उर्फ पम्मा निवासी गाँव ड्रोली ज़िला पटियाला और साहिल गोयल निवासी पटियाला के तौर पर हुई है। उक्त आरोपियों को पटियाला ज़िले के गाँव अरनेटू के निवासी जगसीर सिंह की तरफ से मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाईन पर दर्ज करवाई गई ऑनलाइन शिकायत के आधार पर काबू किया गया है।
प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में दोष लगाया है कि उक्त दोनों मुलजिमों ने शिकायतकर्ता की माता द्वारा गाँव के विकास कामों में कथित धाँधली के दोषों सम्बन्धी चल रही जांच में विजीलेंस ब्यूरो के कर्मचारियों के द्वारा मदद करने के बदले ढाई लाख रुपये रिश्वत ली थी।
इसी प्रकार एक अन्य मामले में विजीलेंस ब्यूरो ने आज राजस्व हलका गाँव कोट ज़िला पठानकोट में तैनात पटवारी यशपाल को दो हजार रुपये रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों काबू किया है। प्रवक्ता ने बताया कि उक्त मुलजिम, जो कि गाँव मल्लपुर ज़िला पठानकोट का रहने वाला है, को संजीव शर्मा निवासी गाँव तेहड़ी टिका बासा, तहसील धार कलां की शिकायत पर गिरफ़्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि उक्त मुलजिम ने राजस्व रिकार्ड में संजीव शर्मा के नाम पर ज़मीन का मालिकाना हक तबदील करने के बदले तीन हजार रुपये की रिश्वत की माँग की है और इस सम्बन्धी चार सौ रुपये पहले ही ले चुका है।
प्रवक्ता ने बताया कि इस शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद विजीलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया, जिसमें मुलजिम पटवारी को दो सरकारी गवाहों की हाज़िरी में रिश्वत की दूसरी किश्त के तौर पर शिकायतकर्ता से दो हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया गया। उन्होंने बताया कि इस सम्बन्ध में विजीलेंस ब्यूरो के थाना अमृतसर रेंज में भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *