अहमदाबाद : गुजरात में अहमदाबाद शहर के रामोल क्षेत्र में 37 लाख रुपये से अधिक कीमत के नशीले पदार्थ के साथ एक युवती सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि सूचना के आधार पर अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेस राजमार्ग पर रामोल की ओर नाकाबंदी करके वाहनों की तलाशी ली जा रही थी। इस दौरान एक कार में से 376 ग्राम 600 मिलीग्राम नशीला पदार्थ मेफेड्रोन, 1750 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन तथा कार जब्त करके एक महिला और चालक सहित दो अधेड़ उम्र के लोगों को पकड़ लिया गया।
पकड़े गए लोगों की पहचान सभी मुंबई निवासी चालक अयुब इ. कुरेशी (58), नूर इ. शेख की पत्नी सहेजादी (22) और अयूबखान न. (53) के रूप में की गयी है। जब्त मेफेड्रोन की कीमत 37,66,000 रुपये, तीन मोबाइल फोन की कीमत 30,000 रुपये और वाहन की कीमत पांच लाख रुपये आंकी गयी है।
पुलिस ने मामला दर्ज करके आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
