कोटा : राजस्थान में कोटा के तीन ब्लॉक लेवल अधिकारी (बीएलओ) को निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने के कारण निलम्बित कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी महावीर प्रसाद मीणा ने आज बताया कि निर्वाचन कार्य नहीं करने को गंभीरता से लेते हुए कोटा उत्तर के तीन बीएलओ को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विधानसभा क्षेत्र कोटा उत्तर में निर्वाचन कार्य में ब्लॉक लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पद पर कार्य ग्रहण नहीं किए जाने पर नोटिस जारी किए जाने के उपरांत भी निर्वाचन कार्य नहीं करने के कारण राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) 1958 के नियम 13 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए तीनों निलंबित किए हैं।
मीणा ने बताया कि नगर निगम कोटा उत्तर के कनिष्ठ सहायक भरत भागवानी, इसी कार्यालय के वरिष्ठ सहायक नवल कुमार जैन,सहायक औषधि नियंत्रक कार्यालय खेड़ली फाटक के सहायक प्रशासनिक अधिकारी यादवेंद्र जोशी को निलंबित किया गया है। निलंबन के दौरान प्रथम दो कार्मिकों का कार्यालय उपनिदेशक स्थानीय निकाय कोटा तथा क्रम संख्या 3 के कार्मिक का मुख्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय कोटा किया गया है। इन्हें नियम अनुसार निर्वाह भत्ता देय होगा।
निर्वाचन कार्य नहीं करने पर तीन बीएलओ निलम्बित
