जालंधर : जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने बुधवार को लोगों से जबरन वसूली, धमकी देने और लूटपाट करने वाले तीन सदस्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस आयुक्त स्वप्न शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक गिरोह फर्जी दुर्घटनायें कर लोगों से पैसे वसूल रहा है। उन्होंने कहा कि कानून के मुताबिक आरोपियों को पकड़ने के लिये पुलिस पार्टियां बनायी गयी हैं। श्री शर्मा ने बताया कि पुलिस ने इस तीन सदस्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में अजय कुमार निवासी भूर मंडी जालंधर छावनी, राहुल निवासी पट्टी नंगल शामा दशमेश नगर जालंधर और राहुल निवासी पीएपी गेट नंबर 3 जालंधर कैंट पीएपी कॉम्प्लेक्स जालंधर शामिल हैं।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि यह आपराधिक गिरोह लोगों को डरा-धमका कर लूटपाट करता था। उन्होंने बताया कि आरोपियों को फर्जी एक्सीडेंट करके लोगों से पैसे ऐंठने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और इस गिरोह ने जालंधर के अलग-अलग इलाकों में कई वारदातों को अंजाम दिया है।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि गिरोह के पास से एक कार टोयोटा इनोवा और कुछ नकदी बरामद की गई है। उन्होंने कहा कि गिरोह घनी आबादी वाले इलाकों में सक्रिय था और पीएपी लाइट्स, परागपुर, मेरिटॉन होटल के आसपास और अन्य घटनाओं में सक्रिय था। स्वपन शर्मा ने कहा कि मामले की आगे जांच की जा रही है और निकट भविष्य में और भी
खुलासे होंगे।
रंगदारी गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार
