गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

नैनीताल : उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जनपद की पुलभट्टा पुलिस ने धोखाधड़ी के माध्यम से व्यवसायियों को लाखों का चूना लगाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से आठ लाख रुपये कीमत के टायर भी बरामद किये गये हैं। पुलभट्टा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरोह के सदस्य फर्जी नाम, पता व मोबाइल नंबर के माध्यम से दुकानदारों से लाखों के टायर ले जाते थे और उसके बाद फरार हो जाते थे। पुलभट्टा पुलिस को पिछले महीने आठ अप्रैल को इसी प्रकार की एक शिकायत मिली। सिरीकला वार्ड नंबर 20 निवासी जावेद की ओर से दी गयी तहरीर में कहा गया कि दो व्यक्ति उसके पास आये और उसे विश्वास में लेकर फर्जी नाम, पता के माध्यम से चार टायर ले गये।
जब आरोपियों के नंबर व पते पर संपर्क किया गया तो सब गलत निकला। इसके बाद पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर जांच की तो आरोपियों की पहचान राहुल शर्मा व सुलेमान के रूप में हुई। पुलिस को यह भी पता चला कि आरोपियों के गिरोह में मनोज गाबा भी शामिल है। दोनों आरोपी बड़े दुकानदारों व व्यवसायियों से धोखाधड़ी से ट्रक के टायर ठगी कर लाते और मनोज उन्हें ट्रक मालिकों को बेच देता था।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही खाली पड़े एक खेत से ठगी कर लाये गये 16 नये टायर भी बरामद कर लिये। बरामद टायरों की कीमत आठ लाख रूपये आंकी गयी है। पुलिस को जांच में यह भी पता चला कि आरोपी किच्छा के दरऊ और रूद्रपुर के बगवाड़ा भट्टा में भी इसी प्रकार की धोखाधड़ी को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस को आरोपियों के पास से छह एटीएम भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने घटना में बरामद कार को भी सीज कर दिया है। आरोपियों का आपराधिक इतिहास है। आरोपियों पर किच्छा एवं रूद्रपुर में भी मामले दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *