अमृतसर : पंजाब पुलिस ने 19 किग्रा हेरोइन बरामदगी मामले की ज़ोरदार पड़ताल से आगे बढ़ते हुये सोमवार को मन्नू महावा गिरोह के तीन और सदस्यों को गिरफ़्तार करके 3.5 किलो हेरोइन और बरामद की है। इस केस में अब हेरोइन की कुल बरामदगी 22.5 किग्रा हो गयी है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गिरफ़्तार किये गये व्यक्तियों की पहचान बलराज सिंह उर्फ काका निवासी गाँव लाहौरीमल, अमृतसर, अनमोल सिंह उर्फ लालू और सरबजीत सिंह दोनों निवासी रांझे दी हवेली, अमृतसर के तौर पर की है। उन्होंने बताया कि इस मामले में तीन और मुलजिमों की गिरफ़्तारी के साथ कुल गिरफ़्तारियों की संख्या 10 हो गई है। हेरोइन की बरामदगी के अलावा पुलिस टीमों ने इन दोषियों के पास से .30 बोर के 10 कारतूस और 9 एम.एम के 9 कारतूसों समेत एक कार (सफारी) भी बरामद की है।।
यह कार्रवाई, कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर द्वारा अमेरिका स्थित तस्कर मनप्रीत उर्फ मन्नू महावा द्वारा चलाए जा रहे सरहद पार से नशा और हथियार तस्करी रैकेट का पर्दाफाश करने से लगभग एक हफ्ते बाद अमल में लाई गई है। इस रैकेट के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो मुख्य व्यक्तियों को गिरफ़्तार करके 19 किग्रा हेरोइन, 23 लाख रुपये ड्रग मनी, सात पिस्तौलों समेत एक 9 एमएम ग्लॉक और ड्रोन के कल-पुर्जे बरामद किये थे।
इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी देते हुये पुलिस आयुक्त (सी.पी.) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि वॉन्टेड मुलजिम अनमोल सिंह उर्फ लालू को उसके साथियों समेत सुल्तानविंड के इलाके में देखे जाने की पुख़्ता सूचना के आधार पर उपायुक्त हरप्रीत सिंह मंडेर, एडीसीपी सिटी-3 अभिमन्यु राणा, एसीपी सरबजीत सिंह बाजवा की निगरानी में सी.आई.ए. स्टाफ-3 की पुलिस टीम ने विशेष नाकाबंदी कर तीनों ही दोषियों को गिरफ़्तार किया। उन्होंने बताया कि प्राथमिक पड़ताल के अनुसार पता लगा है कि मुलजिम, पाकिस्तान स्थित तस्कर शाह और अमेरिका स्थित मन्नू महावा के सीधे संपर्क में थे और ड्रोन के द्वारा पाकिस्तान से तस्करी कर राज्य भर में नशीले पदार्थों और गोला-बारूद की सप्लाई करते थे। उन्होंने कहा कि यह खेप भी पाकिस्तान स्थित तस्करों द्वारा भेजी गयी थी।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि ड्रग आपूर्तिकर्ताओं, डीलरों और खरीदारों के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच जारी है, जिससे उनकी अगली-पिछली कडिय़ों का पता लगाकर सही नतीजे पर पहुँचा जा सके। इस सम्बन्ध में एक प्राथमिकी नंबर 298 तारीख़ 31 दिसंबर 2023 को पुलिस थाना इस्लामाबाद में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 एवं 29 और हथियार एक्ट की धारा 25 के अंतर्गत पहले ही मामला दर्ज है।
म्हावा गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार, हेरोइन बरामद
