दंतेवाड़ा : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुयी मुठभेड़ में आज तीन वर्दीधारी नक्सली मार गिराए गए। मुठभेड़ के बाद सर्च आपरेशंस में पुलिस ने तीन वर्दीधारी नक्सली के शव को बरामद किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार दंतेवाड़ा के थाना कटेकल्याण क्षेत्रांतर्गत कैम्प तुमकपाल से बस्तर फाईटर एवं डीआरजी की संयुक्त पार्टी नक्सल अभियान के तहत रवाना हुई थी। अभियान के दौरान शाम को थाना कटेकल्याण अन्तर्गत तुमकपाल और ग्राम डब्बाकुन्ना के बीच जंगल पहाड़ी में पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। दरभा डिवीज़न के तीन वर्दीधारी पुरुष माओवादियों के शव इस दौरान बरामद किये गये हैं। पुलिस को सर्च में भारी मात्रा में गोला बारूद और हथियार सहित नक्सल सामग्री मिली है। आस पास क्षेत्र में जिला दंतेवाड़ा और सुकमा के डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और सीएएफ एंड सीआरपीएफ की टीम द्वारा सर्च की कार्रवाई जारी है।
