शिमला : हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से सतलुज नदी का जलस्तर बढ़ जाने से सोमवार को बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सुन्नी के समीप एक मस्जिद में 03 लोग फंस गए। जिला प्रशासन शिमला की त्वरित कार्रवाई से तीनों लोगों को नाव की सहायता से सुरक्षित निकाला गया। कमांडेंट तृतीय बटालियन शिमला नविता शर्मा ने बताया कि कंपनी कमांडर महेंद्र कँवर की अगुवाई में बटालियन की टीम ने नाव की सहायता से तीनों व्यक्तियों को सुरक्षित निकालने में सफलता हासिल की।
उन्होंने बताया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण शिमला से आज प्रातः सात बजकर 20 मिनट पर सतलुज नदी का जलस्तर बढ़ने से आईटीआई के समीप कुछ लोगों के फंसने की सूचना प्राप्त हुई थी। राहत कार्य के मद्देनजर कंपनी कमांडर महेंद्र कंवर की अगुवाई में सात लोगों की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि अभियान को प्रातः आठ बजकर 20 मिनट पर पूरा किया गया और तीनों व्यक्तियों को सकुशल वहां से निकाल लिया गया। उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने बताया कि जिले भर में लगातार भारी बारिश हो रही है जिससे आपदा की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना बनी रहती है और हर स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूर्ण रूप से मुस्तैद है।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारीयों को जिला के सभी जगहों पर तैनात किया जा चुका है ताकि इस दौरान लोगों को कोई भी असुविधा न हो। उन्होंने लोगों से अपने घरों में सुरक्षित बने रहने का आग्रह किया है और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न जाने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि किसी भी आपदा की स्थिति में टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।
सतलुज नदी का जलस्तर बढ़ने से तीन लोग फंसे
