कोटा : राजस्थान में कोटा जिला निर्वाचन अधिकारी ओ पी बुनकर ने निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने एवं सर्वे कार्य को करने से मना करने पर तीन कार्मिकों को राजस्थान सेवा सेवा नियम के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए निलंबित कर जिले से बाहर मुख्यालय किया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन के सर्वे कार्य में इंकार करने के कारण कृषि उपज मंडी समिति अनाज कोटा के कनिष्ठ सहायक हेमंत गुप्ता को निलंबित किया गया है। निलंबन काल के दौरान कार्मिक का मुख्यालय निदेशक कृषि विपणन निदेशालय पंत कृषि भवन जयपुर होगा।
इसी तरह राजकीय माध्यमिक विद्यालय देवली अरब के वरिष्ठ अध्यापक मनोज कुमार को निलंबित किया गया है। निलंबन काल में कार्मिक का मुख्यालय निदेशक प्रारंभिक शिक्षा विभाग बीकानेर रहेगा। राजकीय प्राथमिक विद्यालय मोहनपुरा के अध्यापक लोकेश नागर को निलंबित किया गया है निलंबन काल में इनका मुख्यालय निदेशक प्रारंभिक शिक्षा बीकानेर रहेगा।
बुनकर ने बताया कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने के कारण राजकीय प्रादेशिक संस्कृत माध्यमिक विद्यालय पीपल्दा के अध्यापक राजेंद्र योगी को भी निलंबित किया गया है पूर्व में इनका मुख्यालय एसडीएम कार्यालय इटावा किया गया था अब कार्मिक का निलंबन काल में मुख्यालय निदेशक संस्कृत शिक्षा राजस्थान जयपुर रहेगा।
निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने पर तीन कार्मिक निलंबित
