बांदा : उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने लूट की घटना का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुये गुरुवार को तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटी गई धनराशि बरामद कर ली। पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर गवेंद्र पाल गौतम ने बताया कि चहितारा गांव निवासी पंकज सेन ट्रेन से बीती 10 /11 जनवरी की रात्रि कटनी से यहां आया था। सीमावर्ती चाहितारा गांव पहुंचने के लिये उसने एक ई रिक्शा तय किया।
काशीराम कॉलोनी निवासी ई रिक्शा चालक अमित घसीटा ने इसकी जानकारी देकर परशुराम तालाब मोहल्ला निवासी ई रिक्शा मलिक इम्तियाज अहमद और कांशी राम कॉलोनी निवासी अपने साथी विनय रैकवार बुलाया और रिक्शा मालिक, चालक व उनके साथी तीनों ने मिलकर चहितारा गांव जाते समय रास्ते में कृषि विश्वविद्यालय की निकट रिक्शे में बैठी सवारी पंकज सिंह के 10 हजार,250 रुपए नगद , मोबाइल फोन , पर्स आदि लूट लिया और महोबा नगर पहुंचकर यूपीआई का पिन बदलते हुए एक दुकान से पेटीएम के माध्यम से स्कैन कर बैंक से 56 हजार 750 रूपये निकाल लिए। इसकी जानकारी पंकज सेन को तब हुई जब वह अगले दिन खाता ब्लॉक करने के लिये बैंक पहुंचा।
उन्होंने बताया कि बैंक खाते से रूपये निकलने की जानकारी के बाद पंकज सेन ने नगर कोतवाली में बुधवार को घटना का मुकदमा पंजीकृत कराया। जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने घटना का अनावरण 24 घंटे में करते हुए तीनों आरोपियों को आज गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उन्होंने बताया कि लुटेरों के पास से लूटा हुआ मोबाइल,लूट गए 34 हजार 500 रूपये, लूट की घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल , ई रिक्शा और तीन मोबाइल आदि भी बरामद किए गए।
