श्रीगंगानगर : राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में भादरा थाना क्षेत्र में तीन तस्करों को 44 ग्राम हेरोइन सहित पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयसिंह के अनुसार कल देर रात को भादरा थाना प्रभारी रणवीर साईं ने भादरा-आदमपुर मार्ग पर श्याम कॉलोनी के पास बिना नंबरी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार हरियाणा के समीपवर्ती फतेहाबाद जिले के दो युवकों को 30 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार युवकों अंकित राजपूत (28) निवासी वार्ड नंबर 6 भट्टूकलां और अमित जाट (23) निवासी मोची चौबारा थाना भूना जिला फतेहाबाद (हरियाणा) के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट मामला दर्ज किया गया। इसके कुछ देर बाद सब इंस्पेक्टर राकेश गोदारा ने भादरा- सिरसा मार्ग पर शिवपुरा के पास मोटरसाइकिल पर सवार रणजीत उर्फ बाबू उर्फ कमल (25) निवासी वार्ड नंबर 25 भादरा को गिरफ्तार किया,जिसके कब्जे से 14 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।
भादरा में 44 ग्राम हेरोइन सहित तीन तस्कर गिरफ्तार
