खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर विकासखंड स्थित एक विद्यालय की वर्तमान तथा पुराने सत्र की पुस्तकें व अन्य सामग्री कबाड़ में बेचने के मामले में जिला कलेक्टर के निर्देश पर दो शिक्षकों समेत तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग खरगोन प्रशांत आर्य ने बताया कि जिला कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा के निर्देश पर कराई गई जांच के आधार पर आज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नांद्रा के उच्च श्रेणी शिक्षक सुनील कोचले व दिनेश पठान तथा संस्था के भृत्य उस्मान पठान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जांच प्रतिवेदन प्रभारी प्राचार्य सेवंती भूरिया द्वारा सौंपें जाने पर आज सायं कार्रवाई की गई।
जिला कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा ने बताया कि विकासखंड महेश्वर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नांद्रा में वर्तमान एवं पुराने सत्र की किताबें तथा अन्य सामग्री कबाड़ में बेचे जाने पर कल ग्रामीणों ने इन्हें रोका था। उन्होंने बताया कि दोनों शिक्षकों के कहने पर भृत्य ने कल विद्यालय का दरवाजा खोल कर पुस्तकें व सामग्री कबाड़ में दे दी थी। नागरिकों द्वारा घटना देख लिए जाने के उपरांत पुलिस को सूचना दी गई थी । पुलिस ने पंचनामा बनाकर बेची गई सामग्री और वाहन को थाना परिसर में खड़ा कराया था। उन्होंने बताया कि आज घटना की जांच के आदेश दिए गए थे।
नवीन पुस्तकें कबाड़ में बेचने के मामले में तीन निलंबित
