बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के पुरुष खेड़ा स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा अपनी समस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर से मिलने करीब 30 किलोमीटर पैदल मार्च करने के मामले में 3 को निलंबित कर दिया गया है, तथा प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग बड़वानी नीलेश सिंह रघुवंशी ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर शासकीय एकलव्य आदर्श आवासीय कन्या छात्रावास पुरुष खेड़ा की अधीक्षिका सीमा खुटे (मूल पद प्राथमिक शिक्षक), बालक छात्रावास के अधीक्षक कैलाश बंदौड ( मूल पद प्राथमिक शिक्षक) तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पुरुष खेड़ा के तत्कालीन प्रभारी प्राचार्य लाल सिंह डाबर (मूल पद माध्यमिक शिक्षक) को निलंबित कर दिया गया है ।
साथ ही वर्तमान प्रभारी प्राचार्य मीनाक्षी भार्गव (मूल पद उच्च माध्यमिक शिक्षक) को हटाकर उनके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की अनुशंसा शासन स्तर पर की गई है। उन्होंने कहा कि पैदल मार्च करने वाले विद्यार्थियों द्वारा गुणवत्ता हीन नाश्ता व भोजन, गंदगी, तीन वर्ष से स्टेशनरी जूते-मोजे ,गणवेश, ट्रैक सूट का वितरण नहीं किये जाने के अलावा छात्रावास अधीक्षक, अधीक्षिका व प्राचार्य द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायतें की गई थी।
उन्होंने बताया कि इसी तरह विभिन्न सामग्री वितरण नहीं किए जाने की शिकायतों के चलते एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय राजपुर की तत्कालीन प्रभारी प्राचार्य पद्मावती जैन (मूल पद माध्यमिक शिक्षक) को भी निलंबित कर दिया गया है । इसके अलावा वर्तमान प्राचार्य कैलाश खन्ना को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।
अपनी समस्याओं के चलते कल एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पुरुष खेड़ा (निवाली विकासखंड) के विद्यार्थियों द्वारा जिला कलेक्टर को अवगत कराए जाने को लेकर 60 किलोमीटर दूर बड़वानी का पैदल मार्च आरंभ किया गया था। बाद में जिला कलेक्टर राहुल फटिंग द्वारा उन्हें करीब 30 किलोमीटर दूर रोककर जांच और कार्रवाई हेतु आश्वस्त किया गया था।
