गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

तीन हजार किलोग्राम मादक पदार्थ की खेप जब्त

नई दिल्ली : नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने नशा मुक्त भारत के सरकार के सपने को पूरा करने की दिशा में शानदार सफलता हासिल करते हुए देश में मादक पदार्थों की तीन हजार किलोग्राम की सबसे बड़ी खेप जब्त की है।
ब्यूरो, नौसेना और गुजरात पुलिस आतंकवाद रोधी दस्ते ने एक संयुक्त अभियान में हिंद महासागर में लगभग 3300 किलोग्राम ड्रग्स की एक विशाल खेप जब्त की । यह देश में मात्रा के हिसाब से सबसे अधिक अपतटीय जब्ती है और अपने आप में रिकॉर्ड है जिसमें देश में चरस या हशीश की उच्चतम जब्ती शामिल है। इस मामले में पांच संदिग्ध विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।
ब्यूरो के उप महानिदेशक (ऑपरेशन) ज्ञानेश्वर सिंह के नेतृत्व में ऑपरेशन ‘सागर-मंथन’ शुरू किया गया है और इसमें एनसीबी मुख्यालय की संचालन शाखा के अधिकारी और नौसेना की खुफिया शाखाओं के अधिकारी शामिल हैं। नौसेना के समन्वय में ब्यूरो द्वारा इस तरह के समुद्री अभियानों की एक श्रृंखला शुरू की गई है।
ब्यूरो को पता चला था कि कि मछली पकड़ने वाली एक विदेशी नौका, जो अपंजीकृत है और जिसमें कोई एआईएस स्थापित नहीं है, 3000 किलोग्राम से अधिक नारकोटिक्स पदार्थ और 5-7 विदेशी नागरिकों के साथ भारतीय जल क्षेत्र में आ रही है। यह भी पता चला कि तमिलनाडु की ओर से आने वाली इस मछली पकड़ने वाली नौका द्वारा 27 फरवरी को शाम को भारतीय जल सीमा के भीतर एक निश्चित बिंदु पर संदिग्ध प्रतिबंधित सामग्री को पहुंचाया जाएगा।
इस जानकारी के आधार पर ऑपरेशन ‘सागर मंथन-1’ को लॉन्च किया गया। इस ऑपरेशन के लिए ब्यूरो, नौसेना और गुजरात एटीएस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया।
नौसेना की मदद से ब्यूरो और गुजरात एटीएस की संयुक्त टीम ने मंगलवार सुबह एक संदिग्ध जहाज को रोका। आवश्यक कार्रवाई के लिए भारतीय युद्धपोत द्वारा इस जहाज और चालक दल को पोरबंदर ले जाया गया। पूछताछ के बाद पांच विदेशी नागरिकों जिनके पास कोई पहचान दस्तावेज नहीं थे, को गिरफ्तार किया गया है। नौका से 3110 किलोग्राम चरस/हशीश, 158.3 किलोग्राम क्रिस्टलीय पाउडर मेथ और 24.6 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *