रायपुर : तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के बाचूपल्ली इलाके में मंगलवार की रात भारी बारिश के चलते निर्माणाधीन इमारत के गिर जाने से छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के नवापारा के रहने वाले तीन लोगों समेत सात श्रमिकों की मौत हो गई। इस हादसे में ओडिशा के चार मजदूरों की भी मौत हो गई। बताया जाता है कि छत्तीसगढ़ के निवासी श्रमिक राम यादव, उसकी पत्नी गीताबाई और उसके चार साल के पुत्र हिमांशु की मौत हो गई।
राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर उन्होंने लिखा है कि हैदराबाद के बाचूपल्ली इलाके में भारी बारिश के चलते निर्माणाधीन इमारत के गिरने से जांजगीर-चांपा जिले के तीन लोगों व ओडिशा के चार मजदूरों सहित सात मजदूरों के निधन की दुःखद खबर प्राप्त हुई।
दुःख की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार उनके साथ खड़ी है। जांजगीर-चांपा जिला प्रशासन को हैदराबाद के स्थानीय प्रशासन से सामंजस्य बनाते हुए मृतकों के परिजनों के बारे में जानकारी जुटाकर, आवश्यक सहायता देने के निर्देश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
