गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हरियाणा विस सत्र के लिये कड़े सुरक्षा बंदोबस्त

चंडीगढ़ : हरियाणा विधानसभा के 25 अगस्त से शुरू हो रहे मानसून सत्र को लेकर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गये हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने बुधवार को हरियाणा, पंजाब और केंद्र शासित क्षेत्र चंडीगढ़ के सुरक्षा सम्बंधी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और उनसे सत्र के दौरान चाक चौबंद सुरक्षा बंदोबस्त को लेकर समन्वय समिति भी गठित करने को कहा। कमेटी में शामिल अधिकारी व्हाट्सअप ग्रुप पर एक दूसरे से जुड़े रहेंगे। इस बार सत्र में विधायकों के साथ उनका सहायक स्टाफ विधानसभा परिसर में प्रवेश नहीं करेगा। चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से सत्रावधि के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी। किसी भी मामले में कार्रवाई के लिए चंडीगढ़ पुलिस भी मौके पर मौजूद रहेगी।
गुप्ता ने कहा कि इस बार विधानसभा सत्र की कार्यवाही देखने के लिए बड़ी संख्या में स्कूल और कॉलेजों के विद्यार्थियों और पत्रकारों के दल के आने की सम्भावना है। इसके मद्देनजर पुख्ता प्रबंध करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि दर्शक दीर्घा का समुचित प्रयोग करते हुए अधिकाधिक लोगों को सत्र दिखाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए घंटे के हिसाब से पास जारी किए जाएंगे। विधान भवन के बाहर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के जलपान आदि हेतु अस्थायी कैंटीन बनाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
विधानसभा अध्यक्ष के अनुसार विधानसभा परिसर के बाहर किसी भी प्रकार के रोष प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसके लिए वे पहले से पूरी तैयारी रखें। सत्र के दौरान किसी भी आम या खास को हथियार के साथ प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इसके लिए विधानसभा सचिवालय की ओर से विधायकों को एक पत्र भी लिखा जा रहा है।
बैठक में हरियाणा के गृह सचिव टीवीएसएन प्रसाद, सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ. अमित अग्रवाल, पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक(सीआईडी) आलोक मित्तल तथा सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *