हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश) : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला के जोरघाट क्षेत्र में कल शाम एक टिप्पर के अनियंत्रित होकर माकन खड्ड में गिर जाने से चालक अरुण कुमार (35) की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि टिप्पर बजरी लेकर घुमारवीं की ओर जा रहा था कि अचानक अनियंत्रित होकर 50 मीटर गहरी खड्ड में गिर गया। टिप्पर चालक गाड़ी के नीचे दब गया और उसके साथ दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। बड़ी मुश्किल से ड्राइवर को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। दोनों घायलों को इलाज के लिए घुमारवीं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत में सुधार हो रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
