अलीगढ़ : अलीगढ़ में देहली गेट थाना क्षेत्र के गोविंद नगर के एक युवक ने दीपावली पूजन के बाद सोमवार देर रात फांसी लगा ली। आत्महत्या के पीछे परिवार वालों ने थाना पुलिस को जिम्मेदार ठहराया है। आरोप है कि युवक की लापता पत्नी को लेकर पुलिस युवक व उसकी मां को प्रताड़ित कर रही थी। पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों ने शव को पहले खैर रोड, उसके बाद थाने में रखकर प्रदर्शन किया।
35 वर्षीय रवि पुत्र स्व चुरामल निवासी खैर रोड, गोविंद नगर, देहली गेट व उसका भाई मोनू और मां देवी एक साथ रहते हैं। रवि कबाड़ का काम करता था। सोमवार को परिवार ने दीपावली का पूजन किया। इसके बाद रवि अपने कमरे में चला गया और देर रात उसने खुद को फांसी लगा ली। सुबह परिवार वालों ने शव फंदे पर लटका देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिवार को सौंप दिया।
शव को लेकर परिवार वाले खैर रोड स्थित लाल मस्जिद के सामने धरना प्रदर्शन करने लगे। यहां करीब एक घंटे तक हंगामा होता रहा। इसके बाद शव को रिक्शे में रखकर देहली गेट थाने ले आए। यहां थाने के भीतर शव रख दिया। परिवार की समर्थक महिलाएं थाने के भीतर बैठ गईं और कुछ महिलाएं चौराहे पर बैठकर प्रदर्शन करने लगीं। सूचना मिलते ही थानों का फोर्स, एसपी सिटी, एडीएम सिटी, सीओ, सिटी मजिस्ट्रेट व कई मौके पर पहुंच गए।
मृतक रवि की मां देवी ने अधिकारियों के समक्ष आरोप लगाया कि उनके बेटे की मौत का जिम्मेदार थाना इंस्पेक्टर व दरोगा है। रवि की पत्नी 26 मई को नगला महताब की रहने वाली गुलाबो के घर से गायब हुई थी। पुलिस ने बेटे की अर्जी पर सुनवाई न करते हुए उल्टा उसी पर कार्रवाई पर उत्पीड़न शुरू कर दिया था।
