गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

आज भारत में अघोषित आपातकाल है

शिमला : कांग्रेस के प्रवक्ता व विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि देश मे आज अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवज दबाने के लिए कही उनके बैंक खाते सीज किये जा रहें है तो कही नेताओं को गिरफ्तार कर उन्हें जेलों में डाला जा रहा है।
राठौर ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज देश मे लोकतंत्र व संविधान खतरे में है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को परेशान किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी एक सोची समझी साजिश के तहत प्रदेश सरकार को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है जिसमें वह कभी सफल नही होगी।
उन्होंने कहा कि आज लोकसभा चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को गारंटी दें रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले चुनावों में उन्होंने जो दृष्टिपत्र देश के सामने रखा था उसका कोई भी वादा उन्होंने पूरा नही किया। उन्होंने कहा कि न तो किसानों की आय दुगनी हुई,न ही हर साल बेरोजगारों को दो करोड़ रोजगार ही मिले। विदेशों से न तो काला धन ही देश मे आया और न ही हवाई चपल पहनने वालो को जहाज की कोई सुविधा मिली।
श्री राठौर ने कहा कि भाजपा झूठ की बुनियाद पर जुमलेबाजी कर लोगों को गुमराह करती रही है। उनका विरोध करने वालो की आवाज दबाई जाती है। देश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि उनके नेता राहुल गांधी को आनन फानन में लोकसभा की सदस्यता से निष्कासित किया गया और उसी बीच उनके सरकारी आवास को खाली तक करवा दिया गया। उन्होंने कहा की न्यायपालिका ने अब तक भाजपा की तानाशाही पर अंकुश लगा रखा है। उन्होंने कहा कि इलेक्शन बांड से भाजपा ने 12,145 करोड़ से अपना घर भरा। उन्होंने कहा कि भाजपा इस धन को छुपाने का प्रयास कर रही थी,पर उच्चतम न्यायालय के आदेश पर एसबीआई को यह सब कुछ सार्वजनिक करना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों के दौरान आचार संहिता के बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया जाता है। इसी प्रकार झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर उन्हें जेल में डाल दिया जाता है। चुनी हुई सरकारों को अस्थिर किया जाता है। उन्होंने कहा की राजनैतिक दलों की तोड़फोड़ करना भाजपा की नीति रही है। उन्होंने कहा कि विहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जो कल तक भाजपा को कोसने में कोई कोर कसर बाकी नही रखते थे आज उनके साथ मिलकर उनके परम मित्र बन गए हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक द्वेष के चलते भाजपा देश मे राजनीतिक अस्थिरता फैलाना का प्रयास कर रही है जो बहुत ही दुखदाई है।
श्री राठौर ने कहा कि कांग्रेस देश के साथ होने वाले अन्याय के खिलाफ किसी भी बलिदान को तैयार है। उन्होंने कहा कि इस बार देश मे होने वाले लोकसभा चुनाव देश को नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि देश मे इंडिया समूह की सरकार बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *