भोपाल : नरेंद्र सिंह तोमर का सर्वसम्मति से मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष बनना तय हाे गया है। सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ ही मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के सदस्यों की ओर से भी आज उनके नाम का औपचारिक प्रस्ताव सचिवालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
नवगठित सोलहवीं विधानसभा के चार दिवसीय सत्र के पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए श्री तोमर के नाम का प्रस्ताव मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और श्री भूपेंद्र सिंह की ओर से किया गया। इसके अलावा वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह, डॉ राजेंद्र कुमार सिंह और जयवर्धन सिंह की ओर से भी श्री तोमर के नाम का प्रस्ताव रखा गया। इसका समर्थन क्रमश: नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रहलाद पटेल, राजेंद्र शुक्ल, रामनिवास रावत, हेमंत कटारे और तुलसी सिलावट की ओर से किया गया। इसी के साथ अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन की तिथि 20 दिसंबर को श्री तोमर का सर्वसम्मति से अध्यक्ष निर्वाचित होना तय हो गया।
केंद्र और राज्य सरकार में मंत्री के रूप में अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों को संभाल चुके श्री तोमर इस बार मुरैना जिले की दिमनी विधानसभा सीट से निर्वाचित हुए हैं। श्री तोमर का जन्म मुरैना जिले की पोरसा तहसील के औरेठी गांव में 12 जून 1957 को हुआ। उनके पिता श्री मुंशी सिंह तोमर पेशे से किसान थे। स्नातक तक शिक्षा हासिल करने वाले श्री तोमर केंद्र और राज्य सरकार में महत्वपूर्ण विभागों का दायित्व मंत्री के रूप में संभालते आए हैं। वे संगठन में भी महत्वपूर्ण पदों पर रहे और वे कुशल प्रशासक के साथ ही बेहतर संगठक तथा समन्वयक के रूप में पहचाने जाते हैं।
तोमर का सर्वसम्मति से विधानसभा अध्यक्ष बनना तय
