गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हिल्सक्वीन में उमड़े सैलानी

होटलों में 70 फीसदी कमरे बुक

शिमला : हिमाचल प्रदेश में हिमपात देखने के लिए हिल्सक्वीन शिमला में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी है। शहर के होटलों में 70 फीसदी कमरे बुक हैं। वीकेंड पर छुट्टी मनाने शिमला पहुंचे हजारों सैलानियों की शनिवार को हिमपात देखने की हसरत भी पूरी हो गई। रिज मैदान पर बर्फ के फाहे गिरते देख सैलानी झूम उठे। बर्फ में अठखेलियां करने के साथ सैलानी इस दृश्य को अपने फोन और कैमरे में भी कैद करते रहे। कुछ सैलानियों ने रील भी बनाई। शहर के अलावा सैलानी कुफरी और नारकंडा का रुख भी कर रहे हैं।
गत गुरुवार को शिमला में हुई इस सीजन की पहले हिमपात के बाद चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के सैलानी शिमला का रुख कर रहे हैं। कार्ट रोड स्थित पार्किंग शनिवार दोपहर के समय ही फुल हो गई जिसके चलते जाम की स्थिति बन गई। यहां तैनात पुलिस कर्मियों की सजगता के चलते थोड़ी ही देर में ट्रैफिक जाम खुलवा दिया गया। सैलानियों ने पूरा दिन मालरोड और रिज मैदान पर चहलकदमी का आनंद लिया। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहिंद्र सेठ ने बताया कि बर्फबारी के पूर्वानुमान के बाद सैलानियों की आवाजाही बढ़ गई है। शहर के होटलों में 60 से 70 फीसदी तक कमरे बुक हैं।
हिमपात के दौरान शनिवार को रिज मैदान पर सैलानियों ने खूब अठखेलियां कीं। इस दौरान एक सैलानी अपनी जैकेट और कमीज उतार कर झूमने लग गया। कुछ बर्फ के बीच अपनी रील बनाने लगा।
शिमला ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन के महासचिव मनु सूद ने बताया कि बर्फबारी के बाद पर्यटन उद्योग को गति मिली है। पिछले वर्ष के मुकाबले इस साल कारोबार में 50 फीसदी गिरावट आई है। उम्मीद है कि इस बर्फबारी के बाद कारोबार बढ़ेगा। इसके अलावा आने वाले दिनों के लिए भी भारी संख्या में टूरिस्ट इन्क्वायरी कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *