गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

वीकेंड के लिए शिमला पहुंचे सैलानी

ऊना में शीतलहर का प्रकोप

शिमला : हिमाचल प्रदेश में वीकेंड के लिए सैलानी बड़ी संख्या में शिमला का रुख कर रहे हैं। विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलमार्ग पर ट्रेनें पैक होकर शिमला पहुंच रही हैं। हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में कोहरे के चलते ट्रेनें देरी से शिमला पहुंच रही हैं।
शुक्रवार को 12ः30 बजे पहुंचने वाली विस्ताडोम ट्रेन 1ः03 बजे शिमला स्टेशन में पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे। इसके साथ ही हॉलीडे स्पेशल ट्रेन भी पैक चल रही है। रेलवे प्रबंधन की ओर से 15 जनवरी तक हॉलीडे स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। शिमला से वापसी में 16 जनवरी को यह ट्रेन रवाना होगी। इसके बाद इसका संचालन बंद कर दिया जाएगा।
हिमाचल के ऊना जिले में शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी है। कोहरे की मार ने लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया है। सर्द हवाओं के बीच लोहड़ी से एक दिन पहले शुक्रवार को बेहद कम लोग बाजार में खरीदारी करने पहुंचे। हालांकि, मूंगफली की थोक की दुकानों पर लोग खरीदारी करते नजर आए। सुबह व शाम के साथ अब दोपहर के समय भी लोग शीतलहर से जूझ रहे हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को आवाजाही में खासी परेशानी हो रही है। दुकानदार व अन्य कार्यस्थलों पर लोग हीटर व आग जलाकर सर्दी से बचने का रास्ता ढूंढ रहे हैं। गुरुवार की तरह शुक्रवार सुबह की शुरुआत भी घनी धुंध के साथ हुई। हालांकि, लोगों की उम्मीद थी कि दोपहर तक धूप खिलेगी और सर्दी से राहत मिलेगी। लेकिन कुछ क्षण के लिए खिली हल्की धूप के बाद सूर्यदेव नजरों से ओझल हो गए और पूरा क्षेत्र दोबारा सर्दी की जकड़ में आ गया। उधर, सर्दी के बीच शहर में कश्मीरी कांगड़ी की जमकर बिक्री हो रही है। इसकी कीमत 300 रुपये के आसपास है और सर्दी से बचाव के लिए लोग इसे बेहद कारगर मान रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *