नई दिल्ली : टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने मार्च माह में 27,180 वाहनों और वित्तीय वर्ष 2023-24 (अप्रैल-मार्च) में कुल 2,63,512 वाहनों की बिक्री के साथ एक वित्तीय वर्ष और एक माह में थोक बिक्री के अपने नए रिकार्ड बनाए हैं। कंपनी ने सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि मार्च, 2024 में कंपनी ने 27,180 वाहन बेचे। यह पिछले साल के इसी माह के 21,783 वाहनों की बिक्री की तुलना में 25 प्रतिशत वृद्धि दर्शाती है।
विज्ञप्ति के अनुसार मार्च माह में कंपनी ने घरेलू थोक बाजार में 25,119 इकाइयों की बिक्री की जबकि 2061 वाहनों का निर्यात किया गया। इसी तरह कंपनी की वार्षिक बिक्री वर्ष 2022-23 के 1,77,683 मुकाबले वर्ष 2023-24 में 48 प्रतिशत बढ़ कर 2,63,512 रही।
कंपनी के उपाध्यक्ष (बिक्री-सेवा-प्रयुक्त कार व्यवसाय) सबरी मनोहर ने इस उपलब्धि का श्रेय कंपनी की ग्राहकउन्मुख रणनीति को दिया और कहा कि वह ग्राहकों की वैविध्यपूर्ण आवश्यकताओं को समझ कर उसके समाधान प्रस्तुत करने में विश्वास रखती है और यह नीति जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि बाजार अच्छा चल रहा है और हम उससे उत्साहित हैं।
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने बनाए बिक्री के नए रिकार्ड
