गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

 ट्रैक्टर नहर में गिरा, तीन महिलाएं लापता

सिरसा : हरियाणा पंजाब की सरहद पर फतेहाबाद के टोहाना के पास शुक्रवार अपराह्न एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर भाखड़ा नहर में गिर गया। ट्रैक्टर के पीछे जोड़े गए कल्टीवेटर पर करीब 12 महिला मजदूर सवार थीं। जिनमें से तीन महिलाएं डूब गईं और उनका अभी तक पता नहीं चला। जबकि चालक और अन्य महिलाओं को बाहर निकाल लिया गया।
हरियाणा और पंजाब पुलिस मदद करने में जुटी है। डूबी महिलाओं की गोताखोरों तलाश कर रहे हैं। लापता महिलाओं के नाम मनियाना निवासी पायल (16), कमलेश (32) और धोली रानी है। जिनकी तलाश जारी है। नहर से बाहर निकली महिलाओं को मुनक और टोहाना के विभिन्न अस्पतालों में ले जाया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टोहाना से मुनक रोड पर गांव हरिगढ़ गेला मनियाना के पास महिलाएं खेतों में धान की जीरी लगाने का काम कर रही थी और उन्हें एक खेत से दूसरे खेत में जाना था। ट्रैक्टर का चालक भी यहीं पर खेत की मेढ़ बना रहा था। चालक के व्यस्त होने पर वहीं मौजूद एक अन्य युवक महिलाओं को ले जाने के लिए ट्रैक्टर पर बैठ गया। युवक दिव्यांग था।
युवक ट्रैक्टर चलाकर जैसे ही नहर के पास पहुंचा तो अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरा। जिसके बाद कोहराम मच गया और आसपास के लोग इकट्ठा हुए। पुलिस को मामले की सूचना दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नहर से चालक के अलावा नौ महिलाओं को बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *