अमृतसर : पंजाब के बिजली मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने सोमवार को कहा कि नई उद्योग नीति में बिजली के क्षेत्र में व्यापारियों का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि पंजाब का व्यापार फिर से अपने पैरों पर खड़ा हो सके। बिजली मंत्री ने पीएचडी चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित किए जा रहे जा रहे पाईटैक्स का दौरा किया और कहा कि कोई भी व्यापार तब तक अपने पैरों पर खड़ा नहीं हो सकता जब तक उसको बिजली आपूर्ति ठीक ढंग से न हो।
उन्होंने कहा कि हमारा मुख्य मकसद बिजली क्षमता को बढ़ाकर 24 घंटे आपूर्ति करना है और यह पहली बार होगा कि जब राज्य के 86 फ़ीसदी लोगों के बिजली का बिल शून्य आया है और जिसको बढ़ाकर हम 93 फ़ीसदी तक ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि टूरिज्म एग्रीकल्चर और टेक्सटाइल पंजाब के लोगों का मुख्य आधार है और सरकार अपनी नीति बनाते समय इन क्षेत्रों का विशेष ध्यान रखेगी।
श्री ईटीओ ने कहा कि उद्योगपति पंजाब में निवेश करें, सरकार उनको पूरा सहयोग देगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि राज्य में अधिक से अधिक उद्योग आए ताकि नई नौकरियां सृजित की जा सके और बेरोजगारी का खात्मा किया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि पंजाब को उद्योगों के विकास के मामले में आत्मनिर्भर बनाया जाए। इस अवसर पर केन्द्र सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्रालय बोर्ड के सदस्य डॉ अशोक खन्ना और पीएचडी चेंबर ऑफ कॉमर्स पंजाब के चेयरमैन आर एस सचदेवा ने श्री ईटीओ को यहां पहुंचने पर गुलदस्ता भेंट करके स्वागत किया।
