गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर आठ घंटे बाद यातायात बहाल

मंडी : हिमाचल प्रदेश के चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग को करीब आठ घंटे के बाद यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। मंडी से पंडोह के बीच स्थित नौ मील के पास कल देर रात करीब तीन बजे पहाड़ी से भारी मलबा आने के कारण यह राजमार्ग एक बार फिर से बंद हो गया था। जिसे आज सुबह साढ़े 10 बजे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल देर रात मलबे की चपेट में एक ट्रक और जीप आ गए थे, लेकिन गनीमत रही कि दोनों वाहनों के चालक बालबाल बच गये।
राजमार्ग को अभी एकतरफा ही बहाल किया जा सका है। दोनों ही वाहन बुरी तरह से मलबे में फंस गए थे। राजमार्ग बंद होने के कारण पंडोह और मंडी की तरफ को भारी भरकम लंबा जाम लग गया था जिसमें काफी लोग फंसे हुए थे। पंडोह के पास आर्मी ट्रांजिट कैंप और मंडी शहर के पास विंद्रावणी में सारे ट्रैफिक को रोक दिया गया था। एएसपी मंडी सागर चंद्र ने बताया कि राजमार्ग कल रात तीन बजे से बंद था जिसे आज सुबह करीब साढ़े 10 बजे यातायात के लिए पूरी तरह से बहाल कर दिया गया है। पुलिस टीम मौके पर है और उनकी निगरानी में वाहनों को गुजारा जा रहा है।
लोगों में अब केएमसी कंपनी और एनएचएआई के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उनका आरोप है कि केएमसी कंपनी और एनएचएआई यहां पर सही ढंग से राजमार्ग की देखरेख नहीं कर रही है जिसकी वजह से आए दिन उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले साल हुई बरसात के दौरान जो मलबा गिरा हुआ था उसे साल भर उठाने की कोई जहमत नहीं दिखाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *