डॉक्टरों पर किया हमला
अगरतला : त्रिपुरा में उनोकोटी जिले के कैला शहर के सिंगिरबिल में कनिका मेमोरियल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर खराब इलाज सुविधाओं और अपर्याप्त सेवा का आरोप लगाते हुए हिंसक भीड़ ने अस्पताल में तोड़ फोड़ की और डयूटी पर मौजूद डॉक्टरों की पिटाई की।
रविवार देर रात हुई इस घटना के तुरंत बाद अस्पताल सेवा बंद कर दी गई है, जबकि तनाव कम करने के लिए पुलिस तैनात है। पुलिस ने हालांकि मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। घायल चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्यजीत दत्ता को अगरतला सरकारी मेडिकल कॉलेज में स्थानांतरित किया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर हैं। डॉक्टर दत्ता के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं।
पुलिस के अनुसार सड़क दुर्घटना में मारे गये दो लोगों के शव और तीन घायलों को लेकर इलाके के लोग अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया घायलों को जिला अस्पताल ले जाने के लिए जब एंबुलेंस पर लाया गया तो एंबुलेंस खराब खड़ी थी। इससे मौके पर मौजूद लोग भड़क गये।
गुस्साई भीड़ ने अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की और अस्पताल परिसर में खड़ी एंबुलेंस भी तोड़ दी। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ.दत्ता पर जानलेवा हमला किया गया उनकी नाक की हड्डी टूट गयी। कथित तौर पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए डॉक्टर को जिला अस्पताल ले जाने से रोका गया। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और घायल डॉक्टर को बचाया और स्थिति को नियंत्रित किया गया। इस बीच, डॉक्टरों के संघ ने चिकित्सा पेशेवरों पर हमले पर गंभीर चिंता व्यक्त की और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
त्रिपुरा सरकार डॉक्टर्स एसोसिएशन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “ज्यादातर मामलों में, अस्पतालों में सेवाओं और बुनियादी ढांचे की कमी के कारण डॉक्टर ऐसी स्थितियों का शिकार होते हैं। जिला अस्पतालों सहित अस्पताल आपातकालीन स्थिति में अन्य सेवाओं और सुविधाओं के अलावा चिकित्सकों और गैर-चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे हैं। नतीजतन, किसी भी प्रतिकूल स्थिति में, मरीज हिंसक हो जाते हैं और डॉक्टरों पर हमला करते हैं, जिस पर सरकार का उचित ध्यान नहीं जा रहा है।”
