भरतपुर : राजस्थान के करौली में एनएच-11बी पर सरमथुरा मार्ग स्थित मचानी गांव के पास बुधवार ट्रक और कार के बीच हुई भिड़ंत में कार में सवार तीन युवकों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतको के नाम सरमथुरा निवासी 32 वर्षीय शफीक खान, 22 वर्षीय छोटू उर्फ भोंगा निवासी डोमई एवं 20 वर्षीय अमित निवासी रोहर मासलपुर बताये गये है।
बताया गया है कि शफीक खान और छोटू साझेदारी में बिजनेस करते थे और व्यापार के सिलसिले में ही करौली से सरमथुरा जा रहे थे। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर मासलपुर थाने में खड़ा करवाने के बाद ट्रक मालिक और ड्राइवर का पता लगाने का प्रयास शुरू किया है। । मृतकों के शव करौली हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा सड़क पर अचानक आए पशु को बचाने के प्रयास में दुर्घटना होने की बात कही जा रही है।
