सारंगढ़ : छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ जिले के बरमकेला थाना क्षेत्र में एक लक्जरी वाहन से गांजा की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 22 लाख रुपए कीमत का गांजा जब्त किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार नवगठित जिले सारंगढ़ के बरमकेला थाना क्षेत्र में कल एक लक्जरी वाहन में भरा 22 लाख का गांजा जब्त किया गया है। आरोपी पुलिस को देखकर भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस के जवानों ने उन्हें पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम मोहम्मद मंसूर और हरीश पनिका बताया है। दोनों मध्यप्रदेश के शहड़ोल जिले के कोतमा थाना क्षेत्र के निवासी होना बताया है। दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा तस्करी कर मध्यप्रदेश ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने लाया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
