बैतूल : मध्यप्रदेश के बैतूल जिला मुख्यालय के गंज थाना क्षेत्र के हमलापुर में पुलिस ने दबिश देकर दो आरोपियों के पास से करीब आठ किलो गांजा जब्त किया है। बैतूल अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) श्रृष्टि भार्गव ने आज बताया कि सूचना मिली थी कि आरोपी कही डिलिवरी देने जाने के लिए मांझी सरकार कार्यालय के सामने अवैध मादक पदार्थ गांजा बैग में रखकर खड़े हैं।
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगे तो पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम दीपेन्द्र उर्फ सरकार हारोड़े (21) एवं शशांक कुमरे (18) दोनों निवासी हमलापुर बताया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से करीब 60 हजार रुपए मूल्य का करीब आठ किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
